चित्तौड़गढ़। जिले के 17 पुलिस थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थों का गुरुवार को जिला औषधि व्ययन समिति द्वारा नियमानुसार निस्तारण किया गया। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह की मौजूदगी में 32 क्विंटल से अधिक अफीम डोडाचूरा, गांजा, स्मैक एवं अन्य मादक पदार्थों को निंबाहेड़ा स्थित वंडर सीमेंट प्लांट की किलन में जलाकर नष्ट किया गया।
एनसीबी की मानक कीमत के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 4 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जिले के विभिन्न थानों के मालखानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त मादक पदार्थ लंबे समय से रखे हुए थे। माल निस्तारण एवं थानों में बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से संबंधित प्रकरणों की जांच एवं न्यायालयीन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद यह कार्रवाई की गई।
52 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का हुआ निस्तारण-
पुलिस के अनुसार जिले के बेगूं, बिजयपुर, राशमी, सदर निंबाहेड़ा, गंगरार, भैंसरोड़गढ़, पारसोली, सदर चित्तौड़गढ़, भादसोड़ा, मंडफिया, साड़ास, बस्सी, कोतवाली निंबाहेड़ा, डूंगला, मंगलवाड़, निकुंभ एवं शंभूपुरा थानों में दर्ज कुल 52 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया गया।
इनमें 40 प्रकरणों में 26 क्विंटल 45 किलो 616 ग्राम अफीम डोडाचूरा, 6 प्रकरणों में 2 क्विंटल 14 किलो 978 ग्राम गांजा, 3 प्रकरणों में 3 क्विंटल 54 किलो 850 ग्राम अफीम के पौधे, 1 प्रकरण में 23 किलो 900 ग्राम गांजे के पौधे, 1 प्रकरण में 224 ग्राम स्मैक, 1 प्रकरण में 650 ग्राम टांका शामिल थे।
पूरी प्रक्रिया की हुई वीडियोग्राफी-
कार्रवाई के दौरान सभी मादक पदार्थों का रिकॉर्ड मिलान कर वजन किया गया। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी करवाई गई।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा, डीएसपी निंबाहेड़ा शिवप्रकाश टेलर, पुलिस निरीक्षक जोधाराम, सदर निंबाहेड़ा थानाधिकारी संजय शर्मा, कोतवाली निंबाहेड़ा थानाधिकारी रामसुमेर मीणा, संबंधित थानों के अधिकारी, मालखाना प्रभारी एवं नॉन एसआर शाखा के अधिकारी मौजूद रहे।
मादक पदार्थों के निस्तारण की कार्रवाई वंडर सीमेंट के अधिकारियों की उपस्थिति में की गई, जिसमें यूनिट हेड नितिन जैन सहित कंपनी के अन्य अधिकारी शामिल रहे।