भोपाल। भारतीय जनता पार्टी की 18 और 19 जुलाई को ओरछा में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति बैठक केवल संगठनात्मक चर्चा तक सीमित नहीं रहेगी। बैठक में जिला स्तर पर संगठन की सक्रियता और कार्यक्रमों की समीक्षा भी की जाएगी। इसके लिए सभी जिला अध्यक्षों को अपने-अपने जिले का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड लेकर आने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यात्रा और व्यवस्थाओं को लेकर भी कई दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी की ओर से जिला अध्यक्षों और अन्य पदाधिकारियों को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि बैठक में शामिल होने वाले सभी जिला अध्यक्ष अपने जिले में हाल के दिनों में आयोजित कार्यक्रमों और मासिक बैठकों का विस्तृत ब्यौरा साथ लेकर आएं। इन रिपोर्टों के आधार पर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी।
वाहन शेयरिंग पर दिया जोर
बैठक की व्यवस्थाओं और खर्च को ध्यान में रखते हुए सड़क मार्ग से ओरछा आने वाले पदाधिकारियों से वाहन शेयरिंग करने की अपील की गई है। संगठन का मानना है कि इससे यात्रा अधिक व्यवस्थित होगी और अनावश्यक वाहनों की संख्या कम रहेगी।
झांसी स्टेशन से मिलेगी परिवहन सुविधा
रेल मार्ग से आने वाले नेताओं और पदाधिकारियों के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। पत्र में बताया गया है कि झांसी रेलवे स्टेशन से ओरछा तक आने-जाने के लिए परिवहन की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी, ताकि पदाधिकारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सहायक और अंगरक्षक पर भी निर्देश
प्रदेश संगठन ने बैठक में अनुशासन और व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देते हुए पदाधिकारियों से कहा है कि वे अपने साथ सहायक या अंगरक्षक केवल आवश्यकता होने पर ही लाएं। अनावश्यक रूप से अतिरिक्त लोगों को साथ लाने से बचने के निर्देश दिए गए हैं।
18 और 19 जुलाई को होने वाली इस प्रदेश कार्यसमिति बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, राजनीतिक रणनीति और विभिन्न अभियानों को लेकर भी मंथन होने की संभावना है।
बैठक में किन्हें बुलाया गया है?
प्रदेश पदाधिकारी
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य
स्थायी आमंत्रित सदस्य
संभाग प्रभारी
जिला अध्यक्ष
जिला प्रभारी
मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष
प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक