चित्तौड़गढ़। उदयपुर संभाग की संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने गुरुवार को डूंगला पंचायत समिति की ग्राम पंचायत मोरवन में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर तथा निंबाहेड़ा नगर परिषद में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराया जाए तथा शिविरों में आने वाले प्रत्येक प्रकरण का शत-प्रतिशत समाधान सुनिश्चित किया जाए।
ग्रामीण सेवा शिविर में संभागीय आयुक्त ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और लाभार्थियों को आवासीय भूमि के पट्टे, स्वीकृति पत्र, वरिष्ठ नागरिक कार्ड सहित अन्य प्रमाण-पत्र वितरित किए। श्हरियालो राजस्थानश् अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किए गए, जबकि महिला अधिकारिता विभाग ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत लाडो प्रोत्साहन योजना के लाभ वितरित किए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित, उपखंड अधिकारी प्रवीण कुमार, कार्यवाहक तहसीलदार मोहनलाल त्रिवेदी, विकास अधिकारी दुर्गा प्रसाद कुमावत, नायब तहसीलदार भूपेंद्र बस्सी सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके बाद संभागीय आयुक्त ने निंबाहेड़ा में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदक की समस्या का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए।
इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को विभिन्न प्रमाण-पत्र, स्वीकृति पत्र एवं सहायता राशि के चेक वितरित किए। साथ ही एक वर्ष पूर्ण कर चुके बच्चों का जन्मदिन मनाकर परिवारजनों को शुभकामनाएं दीं तथा कॉलेज ग्राउंड में पौधारोपण किया।
शहरी सेवा शिविर के निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर डॉ. मंजू, उपखंड अधिकारी विकास पंचोली, नगर परिषद आयुक्त कुशाल खटूमरा सहित जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।