देवास। युवाओं को आत्मनिर्भर एवं स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) देवास द्वारा छह दिवसीय निःशुल्क ‘एलईडी मेकिंग एंड रिपेयरिंग’ प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य स्थानीय युवाओं एवं इच्छुक अभ्यर्थियों को एलईडी लाइट निर्माण और मरम्मत का तकनीकी कौशल प्रदान कर उन्हें स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने के लिए सक्षम बनाना था।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को एलईडी बल्ब एवं लाइट की संरचना, विभिन्न प्रकार की खराबियों की पहचान, परीक्षण एवं मरम्मत की तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के सुरक्षित उपयोग सहित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही स्वरोजगार, व्यवसाय प्रबंधन, वित्तीय साक्षरता एवं उद्यमिता विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए विभिन्न बैंकों की ऋण योजनाओं, ऋण आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, परियोजना प्रतिवेदन तैयार करने एवं बैंक से ऋण प्राप्त करने संबंधी जानकारी दी गई। साथ ही सरकारी योजनाओं एवं वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूक करते हुए युवाओं को स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
आरसेटी देवास द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को तकनीकी दक्षता प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।