देवास। शासकीय नर्सिंग कॉलेज देवास में नि:शुल्क कैंसर जागरूकता एवं स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन इंदौर कैंसर फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा सन फार्मा देवास के सीएसआर कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया।
शिविर में देवास ग्रामीण विकासखंड की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को कैंसर के लक्षण, बचाव के उपाय एवं समय पर जांच के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही उनकी नि:शुल्क कैंसर स्क्रीनिंग भी की गई।
शिविर के दौरान मुख एवं मुखगुहा (ओरल) कैंसर की जांच, स्तन कैंसर के लिए क्लिनिकल ब्रेस्ट एग्जामिनेशन तथा सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान होने पर समय पर उपचार संभव हो सकता है।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रारंभिक जांच के माध्यम से समय पर उपचार उपलब्ध कराना रहा।
इस अवसर पर बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में सन फार्मा देवास द्वारा सीएसआर गतिविधियों के तहत देवास शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के 55 गांवों में लगभग 10 हजार नागरिकों की नि:शुल्क कैंसर जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।