नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में प्रत्येक मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध और प्रभावी निराकरण किया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देशानुसार राजस्व अमला संबंधित विभागों के समन्वय से मौके पर पहुंचकर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है।
इसी क्रम में गत मंगलवार की जनसुनवाई में बिसलवास खुर्द निवासी द्वारा शासकीय बंद नाले को खुलवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया था। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को पटवारी हल्का क्रमांक-5 में राजस्व अमले की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से शासकीय नाले को खुलवाया गया, जिससे जल निकासी की समस्या का समाधान हो गया।
इसी प्रकार ग्राम गुलाबखेड़ी (पटवारी हल्का क्रमांक-41) में पानी निकासी विवाद संबंधी आवेदन पर राजस्व अमला मौके पर पहुंचा। दोनों पक्षों से चर्चा कर आपसी सहमति से विवाद का निराकरण कराया गया।
वहीं ग्राम चीताखेड़ा निवासी रमेश राठौड़ एवं नारायण राठौड़ द्वारा रास्ता विवाद संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया था। इस पर तहसीलदार जीरन के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और रास्ते के विवाद का सफलतापूर्वक समाधान कराया।
जिले में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में राजस्व एवं पुलिस विभाग द्वारा रास्ता विवादों के निराकरण के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत संयुक्त टीमें मौके पर पहुंचकर प्रकरणों का निपटारा कर रही हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से लंबित विवादों का समाधान हो रहा है और आमजन को त्वरित राहत मिल रही है।