नीमच। जिले में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), पीआईयू, सेतु निगम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), एमपीआरडीसी तथा डीएमएफ अंतर्गत स्वीकृत एवं निर्माणाधीन कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी नियमित रूप से निर्माण कार्यों का निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
भादवामाता मंदिर के समीप निर्माणाधीन कार्य की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्यों से ही आमजन को लंबे समय तक बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
समीक्षा के दौरान कई परियोजनाओं की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित जिला परियोजना समन्वयक एवं सहायक अभियंता को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि निर्माण एजेंसियों एवं ठेकेदारों द्वारा अनावश्यक विलंब या लापरवाही किए जाने पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
वन विभाग की अनुमति के कारण लंबित निर्माण कार्यों पर भी चर्चा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को वन विभाग से समन्वय स्थापित कर प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कराने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने एमपीआरडीसी के अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाकर उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव सहित संबंधित विभागों के कार्यपालन अभियंता, महाप्रबंधक एवं सहायक अभियंता उपस्थित रहे।