नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाली सभी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा, गुणवत्ता एवं तय मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में लापरवाही, अनावश्यक विलंब और उदासीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में निर्धारित समय से विलंब से पहुंचने पर जनपद पंचायत जावद के उपयंत्री राजेंद्र सिंह तंवर, मनासा के उपयंत्री प्रवीण चौधरी, मुकेश चौहान, ओमप्रकाश कछावा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के ब्लॉक समन्वयक राजेंद्र सिंह चौहान, मनासा के श्री भूरिया तथा जिला पंचायत के श्री प्रकाश पालिया का एक-एक दिन का वेतन/मानदेय काटने के निर्देश दिए गए। वहीं, बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर उपयंत्री गोपाल कुमावत के विरुद्ध भी एक दिन के वेतन कटौती की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि भविष्य में बैठक में देर से आने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के सात दिन का वेतन काटा जाएगा।
समीक्षा के दौरान विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण), मनरेगा, ष्एक बगिया मां के नामष् अभियान, गंगोत्री हरित परियोजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं वाटरशेड योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी योजनाओं में लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने, ई-केवाईसी, जियो टैगिंग, हितग्राही भुगतान, पौधारोपण, श्रमिक नियोजन और स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा में उन्होंने आगामी माह में जिले को प्रदेश में द्वितीय स्थान पर लाने का लक्ष्य तय करते हुए 15 अगस्त तक जावद में 500, मनासा में 350 और नीमच में 250 आवास पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, नियमित कचरा संग्रहण, स्वच्छता कर वसूली तथा सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी रोक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं वाटरशेड योजना के लंबित कार्यों पर नाराजगी जताते हुए पाल निर्माण एवं पिचिंग कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, अतिरिक्त सीईओ, कार्यपालन यंत्री, तीनों जनपद पंचायतों के सीईओ, सहायक एवं उपयंत्री, परियोजना अधिकारी, ब्लॉक समन्वयक तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।