नीमच। सांदीपनि विद्यालय भवन निर्माण कार्य शुरू करने, शासकीय स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई प्रारंभ करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर पालक संघ जिला इकाई नीमच और महिला विंग जिला इकाई जल्द ही जिला प्रशासन को तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपेगा।
पालक महासंघ मध्यप्रदेश जिला इकाई नीमच के जिला अध्यक्ष जगदीश शर्मा और महिला विंग जिलाध्यक्ष प्रियंका कवीश्वर के नेतृत्व में यह ज्ञापन दिया जाएगा। पालक संघ के जिला मीडिया प्रभारी कपिल शुक्ला और महिला विंग मीडिया प्रभारी आशा सांभर ने बताया कि मुख्यमंत्री के नीमच प्रवास से पहले सीएम राइज सांदीपनि विद्यालय भवन निर्माण के लिए लेआउट डालकर कार्य योजना तैयार की गई थी, जिसका पालक संघ ने स्वागत किया है।
संघ का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद शुरू हुई इस प्रक्रिया को अब ठंडे बस्ते में नहीं डाला जाए। भवन निर्माण कार्य 30 जुलाई 2026 तक शुरू किया जाए, ताकि आगामी शिक्षण सत्र में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
ज्ञापन में निजी स्कूलों में मनमानी फीस वसूली, निजी बुक सेलरों की महंगी किताबों और यूनिफॉर्म से जुड़े मामलों पर भी कार्रवाई की मांग की जाएगी। पालक संघ की मांग है कि निजी स्कूलों में एमपी बोर्ड द्वारा निर्धारित NCERT/SCERT की किताबें ही अनिवार्य रूप से लागू की जाएं, जिससे अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।
इसके अलावा नीमच के उत्कृष्ट विद्यालय, सांदीपनि विद्यालय, मॉडल स्कूल कनावटी और पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई शुरू करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की जाएगी।
पालक संघ ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अंग्रेजी माध्यम में अध्ययन का अवसर मिलना चाहिए। निजी स्कूलों से संबंधित प्राप्त शिकायतों को भी जिला प्रशासन के समक्ष जांच और कार्रवाई के लिए रखा जाएगा।