रतलाम। यात्रियों की सुविधा एवं बढ़ती यात्रा मांग को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने विशेष किराये पर संचालित 11 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरों को पुनः विस्तारित किया है।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि विभिन्न मार्गों पर संचालित इन स्पेशल ट्रेनों का संचालन अगस्त एवं सितंबर 2026 तक बढ़ाया गया है। इनमें दादर–प्रयागराज, दादर–सूबेदारगंज, बांद्रा टर्मिनस–सूबेदारगंज, बांद्रा टर्मिनस–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, अहमदाबाद–पटना, वलसाड–सूबेदारगंज, उधना–आगरा कैंट, उधना–प्रयागराज, असारवा–कानपुर सेंट्रल तथा असारवा–आगरा कैंट स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।
रेलवे के अनुसार अधिकांश ट्रेनों के फेरों का विस्तार अगस्त के अंतिम सप्ताह से लेकर 1 सितंबर 2026 तक किया गया है, जिससे यात्रियों को यात्रा के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी।
यात्रियों से अपील की गई है कि वे ट्रेनों के संचालन, समय, ठहराव एवं अन्य अद्यतन जानकारी के लिए भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट तथा RailOne ऐप का उपयोग करें।