गरोठ। किसानों को उनके खेतों तक सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा संचालित 'राहगीर अभियान' के तहत गरोठ तहसील के ग्राम बोलिया में 4.5 किलोमीटर लंबे खेत मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कर विकसित किया गया है। इससे क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिली है।
कलेक्टर अदिति गर्ग के मार्गदर्शन एवं एसडीएम राहुल चौहान के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम बोलिया में अभियान चलाकर किसानों के खेतों तक जाने वाले तीन मार्गों से अतिक्रमण हटाया। इसके बाद जनभागीदारी से मार्गों का सुधार कार्य कराया गया।
जानकारी के अनुसार अतिक्रमण मुक्त कराए गए मार्गों की कुल लंबाई 4.5 किलोमीटर तथा चौड़ाई 35 फीट है। मार्गों के निर्माण एवं सुधार के लिए किसानों ने जनभागीदारी के माध्यम से करीब 6 लाख रुपये एकत्रित कर मुरम एवं पत्थर डलवाए।
पूर्व में बारिश के दौरान कीचड़ और अतिक्रमण के कारण किसानों को खेतों तक पहुंचने में काफी परेशानी होती थी। अब मार्ग सुगम होने से ट्रैक्टर सहित अन्य कृषि उपकरणों का आवागमन आसान हो गया है, जिससे कृषि कार्यों में सुविधा मिल रही है।
एसडीएम राहुल चौहान ने बताया कि 'राहगीर अभियान' का उद्देश्य प्रत्येक किसान को उसके खेत तक सुगम मार्ग उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ग्राम बोलिया में जनभागीदारी से किया गया यह कार्य अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणादायी उदाहरण है।
ग्राम के किसानों ने इस पहल के लिए कलेक्टर अदिति गर्ग, एसडीएम राहुल चौहान तथा राजस्व विभाग की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।