नीमच। जिला कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान एक महिला अपनी फरियाद लेकर पहुंची। जावद तहसील के ग्राम धामनिया निवासी रीना बारेट ने आरोप लगाया कि उसके साथ लंबे समय से अन्याय हो रहा है। न्याय की गुहार लगाते हुए वह कलेक्टर कार्यालय तक लोट लगाकर पहुंची।
पीड़िता रीना बारेट ने जनसुनवाई में दिए आवेदन में आरोप लगाया कि उसके पति मुकेश बारेट के कहने पर गांव के कुछ लोगों द्वारा उसके मकान एवं दुकान पर जबरन ताले लगाए जा रहे हैं। उसने संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, गाली-गलौज, धमकी एवं प्रताड़ना के आरोप भी लगाए हैं।
महिला ने बताया कि शादी के कुछ माह बाद ही उसके साथ मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। वर्तमान में उसे आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महिला अपनी छोटी बच्ची के साथ जनसुनवाई में पहुंची थी।
पीड़िता का कहना है कि संबंधित संपत्ति उसके नाम दर्ज होने के बावजूद उसे अपने अधिकार से वंचित किया जा रहा है। उसने आरोप लगाया कि पूर्व में पुलिस को शिकायत देने के बाद भी प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते उसे जिला प्रशासन के समक्ष अपनी पीड़ा रखने के लिए मजबूर होना पड़ा।
जनसुनवाई में महिला ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा उसे उसकी संपत्ति पर शांतिपूर्वक अधिकार दिलाने की मांग की है।