नीमच। जिला कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान जीरन तहसील के ग्राम पालसोड़ा निवासी किसान रमेशचंद्र शर्मा अपने अनोखे प्रदर्शन के कारण चर्चा में रहे। किसान गले में खिलौनेनुमा प्लास्टिक के हेलीकॉप्टरों की माला पहनकर जनसुनवाई में पहुंचे और प्रशासन का ध्यान अपनी समस्या की ओर आकर्षित किया।
रमेशचंद्र शर्मा ने बताया कि उनकी कृषि भूमि तक जाने वाला पुश्तैनी रास्ता बंद कर दिया गया है, जिससे उन्हें खेत तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रास्ते की समस्या के समाधान के लिए उन्होंने पूर्व में राजस्व न्यायालय में भी गुहार लगाई थी, जहां उनके पक्ष में आदेश हुए। इसके बाद हाईकोर्ट से भी राहत मिलने का दावा किया, लेकिन इसके बावजूद रास्ता अब तक नहीं खुल सका।
मीडिया से चर्चा करते हुए किसान ने कहा, जब खेत तक जाने का रास्ता ही बंद कर दिया गया है तो खेत तक पहुंचने के लिए हेलीकॉप्टर ही दिला दिया जाए। उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर की माला पहनकर पहुंचना उनकी परेशानी और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रतीकात्मक तरीका है।
किसान ने आरोप लगाया कि संबंधित पक्ष द्वारा रास्ते पर तारबंदी कर दी गई है, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने जिला कलेक्टर से न्यायालय के आदेशों का पालन कराते हुए तत्काल रास्ता खुलवाने तथा समस्या का समाधान कराने की मांग की है।