नीमच। मनासा तहसील के ग्राम महागढ़ एवं बरथून के किसानों ने कथित अवैध खनन, अवैध क्रेशर संचालन तथा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के मामले में मंगलवार को जिला कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने कलेक्टर एवं खनिज विभाग को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
आवेदन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक निजी ठेकेदार द्वारा स्वीकृत खनन अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करते हुए निर्धारित क्षेत्र से बाहर जेसीबी एवं अन्य भारी मशीनों से बड़े पैमाने पर मिट्टी और मुर्रम का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। उनका आरोप है कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर बिना वैध अनुमति खनिज का दोहन किया जा रहा है, जिससे शासन को राजस्व की हानि हो रही है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति द्वारा कथित रूप से अवैध क्रेशर का संचालन किया जा रहा है। क्रेशर से उड़ने वाली धूल फसलों पर जम रही है, जिससे उत्पादन प्रभावित हो रहा है। वहीं, नियमित ब्लास्टिंग के कारण पत्थर खेतों तक पहुंचने से किसानों को नुकसान होने की बात भी कही गई है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि भारी मशीनों से की जा रही गहरी खुदाई के कारण खेतों तक पहुंचने वाले रास्ते एवं पारंपरिक जलस्रोत प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से संबंधित सर्वे नंबरों का तकनीकी सर्वे एवं मौके का निरीक्षण कराने, स्वीकृत क्षेत्र से बाहर हुए कथित उत्खनन की जांच कराने, दोषी पाए जाने पर खनन अनुबंध निरस्त करने, राजस्व हानि की वसूली करने तथा कथित अवैध क्रेशर को सील करने की मांग की है।