सनावद। ओंकारेश्वर रोड स्थित वार्ड क्रमांक 17 के स्थानीय रहवासियों ने रोड व पानी सहित अन्य समस्याओं को लेकर नगर पालिका का घेराव किया।
नगर पालिका में अध्यक्ष व सीएमओ के नहीं होने पर जमकर नारेबाजी की तथा जमीन पर बैठकर सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। मामले की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि इंदर बिरला, नपा अधिकारी व अन्य पार्षद पालिका पहुंचे। समस्याओं से नाराज महिलाओं ने अध्यक्ष व नगर पालिका स्टाफ को जमकर खड़ी खोटी सुनाई।
वार्ड क्रमांक 17 माली कॉलोनी की रोड को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट व अमृत योजना के नाम पर खोद दिया गया तथा संबंधित ठेकेदार के द्वारा जगह-जगह पर बड़े-बड़े गड्ढे कर छोड़ दिए नालियों के ऊपर बने चौंबरों की भी मरम्मत तक नहीं करवाई गई। जिसके चलते पूरे कॉलोनी में बारिश के मौसम में कीचड़ पसरा हुआ रहता है नालियों का पानी रोड़ पर जमा हो रहा है जिसके कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है नगर पालिका को लगातार शिकायत करने के बाद भी जिम्मेदारों द्वारा इस और कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
रहवासी महिला रक्षा तिरोले, रानू चौहान में बताया कि वार्ड में बीते 1 साल से अधिक समय हो गया है जहां पर नियमित पानी सप्लाई नहीं हो रहा है एक दिन छोड़कर पानी मिलता है उसका भी कोई समय निश्चित नहीं होता वार्ड में बारिश के मौसम में भी जल संकट जैसी स्थिति निर्मित हो गई है नर्मदा के पानी के अलावा वार्ड में पानी के अन्य कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है जिससे पानी के लिए भी आम नागरिकों को परेशान होना पड़ रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि इंदर बिरला, उपयंत्री बलिराम बिरला दरोगा, हारून बेग, व अन्य नगर पालिका के अधिकारी वार्ड में पहुंचे तथा वार्ड की प्रत्येक गलियों का निरीक्षण कर जल्द से जल्द समस्याओं के निराकरण करने का आश्वासन दिया।