नीमच। जिले की मनासा तहसील के ग्राम पिपलदा पठार के ग्रामीण मंगलवार को सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपकर वर्षों से लंबित सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि देश की आजादी के दशकों बाद भी उनका गांव पक्की सड़क जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित है। उन्होंने बताया कि गांव तक पहुंचने वाला मार्ग बेहद खराब स्थिति में है। विशेषकर बारिश के मौसम में मार्ग की हालत और अधिक खराब हो जाती है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है।
ग्रामीणों का कहना है कि आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी मुश्किल हो जाता है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।
ग्रामीणों के साथ पहुंचे वरिष्ठ नेता आर. सागर कछावा ने कहा कि क्षेत्र में विकास के दावे किए जाते हैं, लेकिन पिपलदा पठार के ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। उन्होंने गांव के स्कूल की जर्जर स्थिति का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराने तथा स्कूल भवन की स्थिति सुधारने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने एवं कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे।