कुकड़ेश्वर। नगर कुकड़ेश्वर के बस स्टैंड, सब्जी मंडी, सेंट्रल बैंक तथा हाई सेकेंडरी स्कूल के आसपास लगातार बढ़ता यातायात और अव्यवस्थित पार्किंग आम नागरिकों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सब्जी मंडी के समीप स्थित पुरानी पुलिया पर प्रतिदिन कई दोपहिया एवं चारपहिया वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है। वहीं सड़क के किनारे और कई स्थानों पर सीधे सड़क पर सब्जी एवं फल-फ्रूट के ठेले लगने से मार्ग और अधिक संकरा हो जाता है। ऐसे में बड़े वाहनों, स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों, राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
चिंता का विषय यह भी है कि उक्त पुलिया की रेलिंग कई स्थानों से टूटी हुई है। रेलिंग क्षतिग्रस्त होने के कारण दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है। यदि कोई वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया की ओर बढ़ जाए या भीड़भाड़ के दौरान संतुलन बिगड़ जाए, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वर्षों पुरानी पुलिया पर लगातार वाहनों का भार पड़ने से उसकी सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि इस ओर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो पुलिया को नुकसान पहुंचने के साथ किसी बड़े हादसे की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड, सब्जी मंडी और सेंट्रल बैंक क्षेत्र में नियमित यातायात व्यवस्था लागू की जाए, अवैध पार्किंग पर रोक लगाई जाए, सड़क पर लगने वाले ठेलों के लिए निर्धारित स्थान तय किया जाए तथा पुलिया पर वाहन खड़े करने पर सख्ती से प्रतिबंध लगाया जाए। साथ ही, टूटी हुई रेलिंग की तत्काल मरम्मत कर पुलिया की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।