मंदसौर। कलेक्टर अदिति गर्ग के निर्देशन में जिले में मिशन शक्ति अंतर्गत विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में वन स्टॉप सेंटर पर थीम आधारित जेंडर संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अंकिता पंड्या ने कार्यक्रम में जेंडर समानता को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि घर के कामों में बिना किसी भेदभाव के सभी को सहयोग करना चाहिए। खाना बनाना, साफ-सफाई करना और बच्चों की देखभाल करना केवल महिलाओं की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि परिवार के सभी सदस्यों की साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि घर में बेटा और बेटी को समान अवसर एवं जिम्मेदारियां दी जानी चाहिए, ताकि दोनों एक-दूसरे के कार्यों और संघर्षों को समझ सकें। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनों, यौन उत्पीड़न रोकथाम अधिनियम तथा साइबर सुरक्षा से संबंधित प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।
इस दौरान महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित विभिन्न सहायता नंबरों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।