मंदसौर। जिला पुलिस कंट्रोल रूम में सोमवार को आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं विधिसंगत निराकरण के उद्देश्य से जनसुनवाई आयोजित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (गरोठ) राम सनेही मिश्रा के निर्देशन में आयोजित जनसुनवाई में कुल 46 आवेदकों की शिकायतें सुनकर उनके निराकरण के लिए संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र भास्कर, एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति, कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर, यशोधर्मन नगर थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय तथा नई आबादी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत की सुनवाई कर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा आमजन को शीघ्र न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।