मंदसौर। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे श्ऑपरेशन मुस्कानश् के तहत सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर दो नाबालिग बालिकाओं का पता लगाकर उन्हें सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। दोनों बालिकाओं को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले से दस्तयाब किया गया।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह भास्कर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की।
घर के बाहर खेलते समय हुई थीं लापता-
पुलिस के अनुसार 13 और 14 जुलाई की मध्यरात्रि फरियादी ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री और 17 वर्षीय बहन घर के पास खेलते समय लापता हो गई थीं। परिजनों ने आशंका जताई कि कोई अज्ञात व्यक्ति उन्हें बहला-फुसलाकर ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने तत्काल अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और रेलवे नेटवर्क से मिली सफलता-
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दोनों बालिकाएं ट्रेन में सवार होती दिखाई दीं। इसके बाद तत्काल पुलिस टीम को रतलाम रवाना किया गया तथा उज्जैन और इंदौर जीआरपी को भी सूचना देकर समन्वय स्थापित किया गया। लगातार प्रयासों के बाद चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन पर रेलवे स्टाफ के सहयोग से दोनों बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़, उप निरीक्षक शैलेंद्र सिंह कनेश, प्रधान आरक्षक अजय सोलंकी, भगवानदास, शंभूलाल यादव तथा आरक्षक हरिश यादव, भारत बैरागी और महिला आरक्षक शायर गुर्जर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।