मंदसौर। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, कुपोषण की रोकथाम और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ‘दस्तक अभियान’ का शुभारंभ किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर ने बच्चों को विटामिन ‘ए’ का घोल पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोविंद सिंह चौहान ने बताया कि अभियान 31 अगस्त 2026 तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा। इसके लिए 200 विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो घर-घर जाकर 1 लाख 51 हजार 569 बच्चों की स्वास्थ्य जांच करेंगी।
अभियान के दौरान प्रत्येक बच्चे के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ उनके परिजनों को दो ओआरएस पैकेट एवं 14 जिंक की गोलियां उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि डायरिया एवं डिहाइड्रेशन जैसी बीमारियों से बचाव किया जा सके। वहीं गंभीर कुपोषित (एसएएम) पाए जाने वाले बच्चों को जिले के सात पोषण पुनर्वास केंद्रों (एनआरसी) में भर्ती कर नि:शुल्क उपचार एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में सुंदरलाल पटवा शासकीय मेडिकल कॉलेज की शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ. नईकी मीनार, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सुरेश सोलंकी, एविडेंस एक्शन के संभागीय समन्वयक कपिल कुमार यति, जिला एनआरसी नोडल अधिकारी डॉ. अर्पित यति, जिला मीडिया अधिकारी डॉ. एम.एल. कश्यप सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।