शाजापुर। अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कालापीपल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जहरीली शराब बनाने में प्रयुक्त 150 लीटर स्पिरिट (ओ.पी.) जब्त किया है। बरामद स्पिरिट की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई गई है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सुभाष नगर निवासी राजेश कंजर और देव कंजर गणेशपुर जोड़ स्थित समेल पुलिया के नीचे स्पिरिट से भरा ड्रम लेकर खड़े हैं। सूचना पर थाना प्रभारी उप निरीक्षक रवि भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी भागने लगे, जिनमें से देव पिता संतोष कंजर (18) निवासी सुभाष नगर को पकड़ लिया गया, जबकि राजेश कंजर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 150 लीटर स्पिरिट (ओ.पी.) जब्त कर थाना कालापीपल में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 49-ए के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में थाना कालापीपल की पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।