बड़वानी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रेरणा से मध्य प्रदेश शासन एवं मध्य प्रदेश पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को बड़वानी जिले में नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान का शुभारंभ किया गया। थाना कोतवाली परिसर से कलेक्टर जयति सिंह, पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल एवं जिला पंचायत सीईओ काजल जावला ने जन-जागरूकता रैली और प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जिसमें स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट्स-गाइड्स, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, पुलिस बल तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के समर्थन में तख्तियां और नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया।
कलेक्टर जयति सिंह ने कहा कि नशा व्यक्ति ही नहीं, पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है और युवाओं को इस बुराई से दूर रखकर अभियान को जनआंदोलन बनाना होगा।
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि बड़वानी पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। अभियान के तहत जहां एक ओर लोगों को जागरूक किया जाएगा, वहीं दूसरी ओर नशे की सप्लाई चेन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि भटके हुए युवाओं की काउंसलिंग कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के भी प्रयास किए जाएंगे।
यह विशेष अभियान 15 से 30 जुलाई तक जिलेभर में चलाया जाएगा। इसके बाद भी नशामुक्ति के लिए जागरूकता गतिविधियां एवं पुलिस की कार्रवाई सतत रूप से जारी रहेगी। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक, खेलकूद, सेमिनार और जनसंवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी महेश सुनैया, रक्षित निरीक्षक चेतन बघेल, उषा सिसोदिया, थाना प्रभारी बलजीत बिसेन, सूबेदार अलका वास्केल, काउंसलर अनीता चोयल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।