मनासा। ग्राम परदा में एक किसान के खेत में पहुंचे विशालकाय अजगर का वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार 15 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3.30 बजे उपवनमंडलाधिकारी, मनासा दशरथ अखंड को ग्राम परदा निवासी दिनेश पिता सत्यनारायण ने सूचना दी कि उनके खेत में एक अजगर दिखाई दिया है। सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्राधिकारी मनासा शाश्वत द्विवेदी के निर्देशन में रेस्क्यू टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने लगभग 10 फीट लंबे एवं 25 किलोग्राम वजनी अजगर का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। वन विभाग के अनुसार, अजगर पूरी तरह स्वस्थ था, जिसे सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
रेस्क्यू अभियान में परदा पीएस जगदीश मकवाना, महेश पाटीदार, बीट प्रभारी मनासा एवं रावतपुरा तथा शासकीय वाहन उड़नदस्ता चालक प्रेम सिंह गौड़ का विशेष योगदान रहा।