खरगोन। शहर के व्यस्ततम एमजी रोड पर नाला निर्माण से पहले दुकानों के बाहर बने ओटले हटाने पहुंची नगर पालिका की टीम को व्यापारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। बिना पूर्व सूचना और नोटिस कार्रवाई शुरू किए जाने पर व्यापारियों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद विवाद की स्थिति बन गई और अमले को कार्रवाई स्थगित कर लौटना पड़ा।
बुधवार सुबह करीब 10ः30 बजे नगर पालिका का अमला जेसीबी के साथ मौके पर पहुंचा। जैसे ही ओटले हटाने की कार्रवाई शुरू हुई, बड़ी संख्या में व्यापारी एकत्र हो गए और बिना नोटिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विरोध करने लगे। देखते ही देखते मामला तीखी बहस में बदल गया और करीब आधे घंटे तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही।
नगर पालिका के उपयंत्री जयपाल जमने ने बताया कि एमजी रोड पर नाला निर्माण कार्य दो चरणों में किया जाना है। कार्रवाई से पहले सभी प्रभावित दुकानदारों को तीन दिन का सूचना पत्र जारी किया जाएगा, जिसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।