उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को उज्जैन के शदावल में देश की पहली हाईटेक आंगनबाड़ी का उद्घाटन किया। नई शिक्षा नीति के तहत आंगनबाड़ियों को प्री-स्कूल के रूप में विकसित करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बच्चों से संवाद किया, उन्हें गुलाब के फूल भेंट किए और श्एक पेड़ मां के नामश् अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।
आईआईएम बैंगलोर के सहयोग से विकसित इस मॉडल पर प्रति आंगनबाड़ी करीब 6 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यहां बच्चों के लिए आधुनिक फर्नीचर, झूले, यूनिफॉर्म, खेल मैदान और बेहतर स्वास्थ्य जांच जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रशासन के अनुसार उज्जैन जिले की 1,000 आंगनबाड़ियों को चरणबद्ध तरीके से हाईटेक मॉडल में विकसित किया जाएगा। इसकी शुरुआत मंदिर परिसरों से की जा रही है। साथ ही श्आंगनबाड़ी गोद लेनेश् की पहल भी शुरू की गई है, जिसके तहत देश-विदेश के श्रद्धालु और उद्योगपति इन केंद्रों को गोद लेकर शिक्षा और पोषण अभियान में सहयोग कर सकेंगे।