नीमच। सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व पार्षद हारून रशीद कुरैशी ने हज यात्रा को अधिक किफायती और सुगम बनाने के लिए केंद्र सरकार से हज उड़ानों में श्ओपन स्काई पॉलिसी लागू करने और वैश्विक निविदाएं (ग्लोबल टेंडर) जारी करने की मांग की है।
कुरैशी ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में हज यात्रियों को अधिक हवाई किराया चुकाना पड़ता है, जिससे मध्यमवर्गीय और जरूरतमंद परिवारों के लिए हज यात्रा का खर्च उठाना कठिन हो जाता है। उनका कहना है कि यदि वैश्विक स्तर पर निविदाएं आमंत्रित की जाएं तो विभिन्न अंतरराष्ट्रीय विमानन कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, जिससे किराए में कमी आएगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि ओपन स्काई पॉलिसी लागू होने से उड़ानों के संचालन में लचीलापन आएगा और एकाधिकार की स्थिति समाप्त होगी। उन्होंने केंद्र सरकार, अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय से आगामी हज सीजन से पहले इस दिशा में नीतिगत निर्णय लेने का आग्रह किया, ताकि अधिक से अधिक हज यात्रियों को इसका लाभ मिल सके।