कसरावद। मध्यप्रदेश पुलिस के नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत बुधवार को थाना कसरावद पुलिस ने 15 दिवसीय जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रेस वार्ता, विशाल जागरूकता रैली और नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा के मार्गदर्शन में निकाली गई रैली जय स्तम्भ चौराहा से सराफा मार्केट, सब्जी मंडी, नगर परिषद, वस्त्रम शॉप और मंडलेश्वर रोड होते हुए थाना परिसर पहुंची। रैली में सरदार वल्लभभाई पटेल स्कूल एवं महर्षि वेदव्यास स्कूल के करीब 550 से 600 छात्र-छात्राओं, स्काउट-गाइड दल, शिक्षकों और पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
विद्यार्थियों ने नशामुक्ति के समर्थन में प्रेरक नारे लगाते हुए लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। थाना परिसर में सभी ने सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ ली।
थाना प्रभारी राजेन्द्र बर्मन ने बताया कि अगले 15 दिनों तक विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थानों पर रैलियां, संवाद, शपथ ग्रहण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने मीडिया से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की। कार्यक्रम में तहसीलदार नारायण सिंह मुवेल, पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, पत्रकार और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।