मनासा। मध्य प्रदेश शासन के नशे से दूरी है जरूरी अभियान के तहत शासकीय रामचंद्र विश्वनाथ महाविद्यालय, मनासा में नशामुक्ति जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं पुलिस अधिकारियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए शपथ ग्रहण की तथा महाविद्यालय परिसर से जागरूकता रैली निकाली।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम.एल. धाकड़ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया और नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति के जागरूक होने से ही समाज को नशे जैसी सामाजिक बुराई से मुक्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम के माध्यम से आमजन तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया। साथ ही दैनिक समाचार पत्रों एवं अन्य जनसंचार माध्यमों के जरिए भी जन-जन को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम प्रभारी डॉ. ममता बसेर ने बताया कि अभियान के तहत आगामी दिनों में भी विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।