नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में जिले में बंद शासकीय रास्तों एवं रास्ता संबंधी विवादों के निराकरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत राजस्व विभाग ने मनासा तहसील के ग्राम कंजार्डा में 12 किसानों की वर्षों पुरानी रास्ते की समस्या का त्वरित समाधान किया है।
पटवारी हल्का क्रमांक-45 अंतर्गत ग्राम कंजार्डा में सर्वे नंबर 1510, 1506, 1505, 1504, 1503 एवं 1502 सहित अन्य सर्वे नंबरों की दक्षिण दिशा में गहरी खाई होने से शासकीय मार्ग अवरुद्ध हो गया था। इसके कारण रामचंद्र पिता मोडीराम, भंवरलाल पिता बालु, भागूबाई पति/पिता हरिराम, प्यारचंद पिता कजोड़, रामचंद्र पिता कंवरलाल सहित 12 किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने, कृषि यंत्रों के आवागमन तथा फसल परिवहन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
समस्या की जानकारी मिलते ही राजस्व अमला मौके पर पहुंचा और जेसीबी मशीन की सहायता से गहरी खाई को भरवाकर शासकीय मार्ग को पुनः सुगम बनाया। मार्ग खुलने से किसानों को अब खेतों तक आसानी से पहुंचने के साथ कृषि कार्य एवं उपज परिवहन में भी सुविधा मिलने लगी है।
राजस्व विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से किसानों को बड़ी राहत मिली है। किसानों ने समस्या के शीघ्र निराकरण पर जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
उक्त कार्रवाई में एसडीएम मनासा, तहसीलदार, नायब तहसीलदार मनासा सहित राजस्व अमले की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।