मंदसौर। कलेक्टर अदिति गर्ग के निर्देशानुसार जिले में डायरिया की रोकथाम के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग द्वारा विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत जल संरक्षण, पेयजल स्रोतों की स्वच्छता, जल गुणवत्ता परीक्षण एवं क्लोरीनेशन के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने के साथ प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
कार्यपालन यंत्री वैभव भावसार के मार्गदर्शन में पीएचई विभाग के मैदानी अमले ने मल्हारगढ़ विकासखंड के ग्राम लिम्बावास तथा गरोठ विकासखंड के ग्राम टकरावद एवं छायन में जल एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया। इस दौरान ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को पेयजल की फील्ड टेस्टिंग के माध्यम से जल गुणवत्ता परीक्षण का प्रशिक्षण दिया गया।
ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों के सदस्यों को नल-जल योजनाओं के संचालन एवं संधारण, जलकर संग्रहण तथा सभी परिवारों तक समान जल आपूर्ति सुनिश्चित करने संबंधी जानकारी दी गई। साथ ही पेयजल स्रोतों का क्लोरीनेशन एवं स्वच्छता सर्वेक्षण भी किया गया।
स्कूली बच्चों ने रैली निकालकर जल संरक्षण, जल के सुरक्षित उपयोग एवं अपव्यय रोकने का संदेश दिया। इस अवसर पर ग्राम सरपंच, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।