नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 से 30 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर में संचालित 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के तहत नीमच जिले में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में गुरुवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विद्यार्थियों, शिक्षकों, फैक्ट्री कर्मचारियों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
थाना नीमच कैंट अंतर्गत कार्मल कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशे से होने वाले सामाजिक, मानसिक और शारीरिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध प्रभावी लड़ाई तभी संभव है, जब समाज का प्रत्येक नागरिक जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभाए। इस अवसर पर करीब एक हजार विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ ने नशामुक्ति की शपथ ली।
इसी क्रम में थाना नीमच सिटी अंतर्गत क्रिएटिव माइंड स्कूल में निरीक्षक विजय सागरिया, थाना जावद अंतर्गत सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अठाना में उपनिरीक्षक टी.आर. चौहान, थाना रतनगढ़ अंतर्गत सुप्रीम एकेडमी हायर सेकेंडरी स्कूल में उपनिरीक्षक कन्हैयालाल सोलंकी तथा थाना कुकड़ेश्वर अंतर्गत शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में उपनिरीक्षक पी.डी. डामोर द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया।
वहीं, थाना बघाना अंतर्गत स्वराज कपड़ा फैक्ट्री में निरीक्षक राधेश्याम डांगी तथा थाना रामपुरा अंतर्गत नाका नंबर-2 पर सहायक उपनिरीक्षक पन्नालाल द्वारा आमजन एवं कर्मचारियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशा न करने की शपथ दिलाई गई।
जिलेभर में आयोजित इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, फैक्ट्री कर्मचारी एवं नागरिक शामिल हुए। पुलिस विभाग ने अभियान के माध्यम से स्वस्थ युवा, सुरक्षित समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में जनसहभागिता बढ़ाने का संदेश दिया।