शिवपुरी। नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपते हुए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय में उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। कर्मचारियों ने बताया कि वे आज कलेक्टर को भी ज्ञापन सौंपेंगे।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस जिला शाखा के अध्यक्ष मनोज लाहोटी ने बताया कि कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर पहले भी कई बार ज्ञापन और धरना-प्रदर्शन किए जा चुके हैं। हर बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया, लेकिन अब तक किसी भी मांग का समाधान नहीं हुआ है। इससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।
उन्होंने बताया कि 8 जुलाई को सीएमओ के साथ चर्चा हुई थी, जिसमें 15 जुलाई को बैठक कर सभी समस्याओं का समाधान करने का भरोसा दिया गया था। लेकिन तय तारीख पर सीएमओ कर्मचारियों से मिलने नहीं पहुंचे। इससे नाराज कर्मचारी नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और सीएमओ को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था समाप्त करना, प्रत्येक माह 5 से 10 तारीख के बीच नियमित वेतन भुगतान सुनिश्चित करना, हाईकोर्ट एवं शासन के निर्देशों के अनुसार कर्मचारियों का नियमितीकरण करना तथा अन्य लंबित समस्याओं का निराकरण शामिल है।
सफाई कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा है कि यदि 24 घंटे के भीतर उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।