नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाकर पशुपालकों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा संचालित दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान का तृतीय चरण जिले में 13 से 17 जुलाई 2026 तक कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत जिले के 10,084 लक्षित पशुपालकों, जिनके पास 3 से 4 गौवंशीय अथवा भैंसवंशीय पशु हैं, के घर-घर पहुंचकर विभाग के प्रशिक्षित सर्वेयर एवं भेंटकर्ताओं द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपर्क किया जा रहा है।
गृह भेंट के दौरान पशुपालकों को पशु नस्ल सुधार, संतुलित पशु आहार, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन एवं वैज्ञानिक पशुपालन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की जा रही है। साथ ही, वैज्ञानिक पद्धति से पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए मध्यप्रदेश शासन द्वारा विकसित श्गोरस ऐपश् की जानकारी दी जा रही है तथा पशुपालन से संबंधित चार जागरूकता वीडियो (रील) भी उनके मोबाइल पर साझा किए जा रहे हैं।
पशुपालन विभाग के अनुसार, 16 जुलाई 2026 तक अभियान के तहत 3,571 पशुपालकों के यहां गृह भेंट कर निर्धारित गतिविधियों का सफलतापूर्वक संचालन किया जा चुका है। अभियान की गुणवत्ता एवं प्रगति की सतत निगरानी जिला एवं विकासखंड स्तर पर की जा रही है। साथ ही प्रशासनिक स्तर पर नियमित समीक्षा एवं ऑनलाइन मॉनिटरिंग के माध्यम से अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जा रहा है।