गरोठ (कोटड़ा खुर्द)। मध्यप्रदेश शासन की महत्वपूर्ण निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल, कोटड़ा खुर्द में शुक्रवार को गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कक्षा 6 एवं कक्षा 9 के कुल 37 छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। साइकिलें पाकर ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गरोठ-भानपुरा क्षेत्र के विधायक चंदरसिंह सिसोदिया एवं अध्यक्षता ग्राम पंचायत खारखेड़ा के सरपंच नारायणसिंह सिसोदिया ने की। विधायक सिसोदिया ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर विद्यार्थी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि निःशुल्क साइकिल योजना से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी, जिससे शिक्षा के प्रति उनका उत्साह और अधिक बढ़ेगा।
प्राचार्य कन्हैयालाल वर्मा एवं मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष बाबूलाल जैन ने भी विद्यार्थियों को मेहनत एवं लगन के साथ अध्ययन कर अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया।
उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को शुभकामनाएं एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।