नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 से 30 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर में संचालित नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0 के तहत जिला नीमच में प्रतिदिन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में शुक्रवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस थाना नीमच कैंट क्षेत्रांतर्गत सांदीपनि शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान एवं थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशे से होने वाले सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक दुष्परिणामों की जानकारी दी तथा सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
इसी क्रम में पुलिस थाना जावद क्षेत्रांतर्गत बिरला सीमेंट फैक्ट्री, खोर में एसडीओपी हर्ष राठौर एवं थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन ने करीब 300 कर्मचारियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया।
इसके अलावा जावद, रतनगढ़, कुकड़ेश्वर एवं रामपुरा थाना क्षेत्रों के विद्यालयों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशे से दूर रहने तथा समाज को इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
पुलिस विभाग ने कहा कि नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0 स्वस्थ युवा, सुरक्षित समाज और सशक्त राष्ट्र की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।