चित्तौड़गढ़। राज्य के मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के जिला कलक्टरों, पुलिस अधीक्षकों, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की।
बैठक में पंच गौरव कार्यक्रम, सड़क सुरक्षा, जल जीवन मिशन तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से आमजन तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी को निर्देशित किया कि विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं का त्वरित समाधान किया जाए तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।
पंच गौरव कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने कार्यक्रम के अंतर्गत चिन्हित कार्यों की प्रगति पर चर्चा की तथा अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखते हुए जनभागीदारी को भी प्रोत्साहित किया जाए, जिससे कार्यक्रम के उद्देश्य प्रभावी रूप से साकार हो सकें।
सड़क सुरक्षा की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए समन्वित प्रयासों पर बल दिया। उन्होंने ब्लैक स्पॉट्स के सुधार, यातायात नियमों की प्रभावी पालना, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग को बढ़ावा देने, ओवरस्पीडिंग तथा नशे की अवस्था में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क सुरक्षा संबंधी जनजागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।
जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक परिवार तक सुरक्षित एवं नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता नियंत्रण, जल स्रोतों की उपलब्धता एवं पाइपलाइन कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के सतत प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक दवाइयों, उपकरणों एवं चिकित्सकीय सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौसमी बीमारियों की रोकथाम, आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने तथा स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन पर विशेष जोर दिया।
चित्तौड़गढ़ जिले से सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग स्थित जनसुनवाई कक्ष से जिला कलक्टर डॉ. मंजू, जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) दिनेश धाकड़, अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू-अभिलेख) रामचंद्र खटीक सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में उपस्थित रहे।