चित्तौड़गढ़। राजस्थान में पहली बार ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित जिला स्तरीय सरपंच खेल महोत्सव-2026 का भव्य समापन 18 जुलाई को ग्राम पंचायत चिकसी में होगा। ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित इस अनूठे महोत्सव में जिलेभर के जनप्रतिनिधि अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
4 जुलाई से शुरू हुए इस खेल महोत्सव में कबड्डी, फुटबॉल, कुश्ती और रस्साकशी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। समापन समारोह का मुख्य आकर्षण फुटबॉल फाइनल मुकाबला होगा, जिसमें सांवरिया इंटरप्राइजेज चिकसी और अविनाश इंटरप्राइजेज चिकसी की टीमें आमने-सामने होंगी। खास बात यह है कि सांवरिया इंटरप्राइजेज की टीम में नाइजीरिया, यमन और सूडान के तीन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे।
महोत्सव का शुभारंभ 4 जुलाई को राजस्थान भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने किया था। इस दौरान ग्राम पंचायत चिकसी की प्रशासक किशोरी बाई साहू, जिलेभर के प्रशासक (सरपंच) और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सरपंच संघ जिलाध्यक्ष गणेश लाल साहू के नेतृत्व में आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाना, युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना, नशामुक्त समाज का संदेश देना और गांवों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।
आयोजकों ने बताया कि महोत्सव को मिले व्यापक जनसमर्थन और सफलता को देखते हुए इसे आगामी वर्षों में और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। समापन समारोह में खिलाड़ियों, निर्णायकों, जनप्रतिनिधियों और सहयोगकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा।