कटनी। जिले के स्लीमनाबाद में देश की सबसे बड़ी 12 किमी लंबी जल सुरंग का शुक्रवार को सीएम डॉ. मोहन यादव ने निरीक्षण किया।
उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी कीमत पर अपनी जमीन न बेचें। यह क्षेत्र भविष्य में पंजाब व हरियाणा को पीछे छोड़ेगा। इस क्षेत्र से पलायन रुकेगा व आर्थिक रूप से समृद्धि आएगी। हमारी सरकार किसान कल्याण वर्ष में बड़े-बड़े संकल्प पूरे करते हुए आगे बढ़ रही है।
सीएम ने कहा कि सोन कछार के 152 क्यूबिक डिस्चार्ज से सतना जिले में 1 लाख 4 हजार 970 हेक्टेयर, मैहर जिले में 54 हजार 227 हेक्टेयर, कटनी जिले में 21 हजार 823 हेक्टेयर, रीवा जिले में 3 हजार 532 हेक्टेयर व पन्ना जिले में 448 हेक्टेयर सहित कुल 1 लाख 85 हजार हेक्टेयर कमांड एरिया में सिंचाई की सुविधा मिलेगी।
एक ओर जहां टनल से नर्मदा नदी बहेगी तो दूसरी ओर ऊपर से कटनी नदी प्रवाहित होगी। यह परियोजना बुंदेलखंड व बघेलखंड के लिए बड़ी सौगात है, जो जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति करेगी। इस जल सुरंग को बनाने में पूरे 17 साल लगे हैं।
जो एक शादी करेगा, उसी को मप्र में रहने का अधिकार होगा
इधर, सीएम डॉ. यादव ने टीकमगढ़ में सांदीपनि स्कूलों का लोकार्पण किया। सीएम ने कहा कि सारे उल्टे काम कांग्रेसी बड़ी बेशर्मी से करते हैं। अभी हमने कामन सिविल कोर्ट (यूसीसी) की बात की, एक देश, एक विधान व एक प्रधान...। अब एक शादी जो करेगा उसी को मप्र में कानूनन रहने का अधिकार रहेगा।
जब रामचंद्र एक शादी करते हैं तो रहीम को भी एक शादी करना चाहिए। अगर हमारी कोई मुस्लिम बहन को कोई कह दे कि तलाक...तलाक...तलाक और छोर छुट्टी हो जाए और उस मुस्लिम बहन के एक दो बच्चे हो जाएं, तो वह किसके आश्रित रहेगी। उसका जीवन नरक बन जाता है। हमने कहा हमारे प्रदेश में यह नहीं चलेगा।
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में समान नागरिक संहिता की ओर कदम बढ़ाते हुए मध्य प्रदेश उन राज्यों की सूची में शामिल हो रहा है, जहां विवाह, वसीयत और अन्य व्यक्तिगत कानूनों में एकरूपता होगी। मप्र में सब कानूनी होगा, गैरकानूनी कामों के लिए मप्र की धरती पर कोई जगह नहीं होगी।