देवास। जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में पहुंचे कुछ लोगों ने डॉक्टर और स्टाफ नर्स के साथ मारपीट कर दी। घटना के दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों और सुरक्षा गार्ड के साथ भी झूमाझटकी की गई, जिससे पूरे अस्पताल में भय का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, एक मरीज को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टर द्वारा पहले ओपीडी पर्ची बनाने की बात कही गई। इसी बात को लेकर मरीज के परिजनों ने विवाद शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक हुए इस हंगामे से मरीज और उनके परिजन दहशत में आ गए। इमरजेंसी जैसे संवेदनशील वार्ड में इस तरह की घटना ने इलाज व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल स्टाफ का कहना है कि आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे वे डर के माहौल में काम करने को मजबूर हैं।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब अस्पताल में ही सुरक्षा का अभाव रहेगा, तो डॉक्टर और स्टाफ भय के माहौल में कैसे मरीजों का इलाज कर पाएंगे।