देवास। मध्य प्रदेश में देवास का नाम रोशन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों पालक नामदेव, राशि माली एवं अक्षरा शिंदे का उत्कृष्ट विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक गायत्री राजे पवार ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक पवार ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षा के प्रति समर्पण ही सफलता का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि ऐसे मेधावी विद्यार्थी समाज और प्रदेश का गौरव होते हैं, जो अपनी प्रतिभा के बल पर नई ऊंचाइयों को छूते हैं और दूसरों के लिए प्रेरणा बनते हैं।
उन्होंने विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं को भी संबोधित करते हुए निरंतर अध्ययन, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प रखने की प्रेरणा दी। साथ ही कहा कि हर विद्यार्थी के अंदर कुछ विशेष करने की क्षमता होती है, आवश्यकता है उसे पहचानकर सही दिशा में प्रयास करने की।
कार्यक्रम का माहौल उत्साह, गर्व और प्रेरणा से भरपूर रहा। शिक्षकों एवं अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों की उपलब्धि पर खुशी जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थी भविष्य में देवास और मध्य प्रदेश का नाम देशभर में और अधिक गौरवान्वित करेंगे।