मंदसौर। भगवान श्रीकृष्ण को लेकर मौलाना जर्जिस अंसारी की कथित विवादित टिप्पणी के विरोध में शनिवार को शिवसेना (UBT) ने गांधी चौराहे पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मौलाना का पुतला दहन कर सार्वजनिक माफी की मांग की।
शिवसेना (UBT) पदाधिकारियों का आरोप है कि मौलाना जर्जिस अंसारी ने धार्मिक ग्रंथों की मूल भावना और श्रीमद्भगवद्गीता के छठे अध्याय के 10वें श्लोक की गलत व्याख्या प्रस्तुत की, जो मूल संस्कृत पाठ और उसके पारंपरिक अर्थ से मेल नहीं खाती। संगठन ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया।
बताया जा रहा है कि मौलाना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम को लेकर कथित विवादित दावे किए गए हैं। इन बयानों का विभिन्न हिंदू संगठनों, संतों और धार्मिक विद्वानों ने विरोध जताया है।
प्रदर्शन के दौरान शिवसेना नेताओं ने कहा कि धार्मिक आस्थाओं को ठेस पहुंचाने वाले ऐसे बयानों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मौलाना सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं, तो प्रदेश सहित देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
प्रदर्शन में आईटी सेल राज्य प्रमुख नाहर सिंह गौड़, उज्जैन संभाग उप प्रमुख अनिल माली, जिला प्रभारी शुभम सिंह कच्छावा, महानगर प्रमुख सिकंदर भवानी, जिला मीडिया प्रभारी कुलदीप सिंह गौड़, जिला कमांडो महेश नायक, जिला सचिव राजेश ठन्ना, जिला प्रमुख रघुनाथ नायक सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक मौजूद रहे।