इंदौर। लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के एक कनिष्ठ यंत्री को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश, उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के नेतृत्व में की गई।
लोकायुक्त के अनुसार, शिकायतकर्ता शिवप्रकाश बसवाल, जो बिल्डर एवं होटल व्यवसायी हैं, ने 17 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अम्बे नगर स्थित जीआर-7 होटल भवन पर सोलर पैनल लगाने की फाइल आगे बढ़ाने के बदले कनिष्ठ यंत्री नमेश कुमार भोंडेकर ने 80 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने शनिवार को ट्रैप कार्रवाई की। निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी कनिष्ठ यंत्री को उसके कार्यालय, सुखलिया जोन में शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। लोकायुक्त पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
ट्रैप टीम में निरीक्षक सचिन पटेरिया, प्रधान आरक्षक विजय कुमार, विवेक मिश्रा, आरक्षक कमलेश परिहार, एम.एम. सतीश यादव, कृष्ण अहिरवार, मनीष माथुर तथा चालक शेर सिंह ठाकुर शामिल रहे।