चित्तौड़गढ़। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने आमजन से हनी ट्रैप और साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधों के साथ-साथ हनी ट्रैप के मामलों में भी लगातार वृद्धि हो रही है।
एसपी ने बताया कि अपराधी सोशल मीडिया, मैसेजिंग एप, वीडियो कॉल और अन्य ऑनलाइन माध्यमों के जरिए लोगों से संपर्क कर उन्हें अपने जाल में फंसाते हैं। इसके बाद निजी फोटो, वीडियो या बातचीत का दुरुपयोग कर ब्लैकमेलिंग, धन उगाही और धमकी जैसी आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने, संदिग्ध वीडियो कॉल अटेंड करने या निजी फोटो एवं वीडियो साझा करने से बचें। यदि कोई व्यक्ति इस तरह की ब्लैकमेलिंग या हनी ट्रैप का शिकार होता है, तो घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जागरूकता और सतर्कता अपनाकर ही ऐसे अपराधों से बचा जा सकता है। साथ ही लोगों से साइबर सुरक्षा नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की।