चित्तौड़गढ़। चंदेरिया क्षेत्र में खुली बिजली डीपी की चपेट में आने से सात वर्षीय मासूम की मौत के बाद क्षेत्रवासियों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग सांवलिया चिकित्सालय की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए और बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ कार्रवाई एवं मुआवजे की मांग करने लगे।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम चंदेरिया स्थित शिव रामदेव मंदिर के पास गार्डन के समीप सड़क किनारे लगी खुली बिजली डीपी की चपेट में आने से जवासिया निवासी हाल मुकाम चंदेरिया सुमित पुत्र मुकेश बंजारा (7 वर्ष) की मौत हो गई थी।
शनिवार सुबह विधायक चंद्रभान सिंह आक्या मौके पर पहुंचे और परिजनों एवं क्षेत्रवासियों से चर्चा कर समझाइश की। विधायक आक्या ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।
विधायक की पहल पर मृतक के परिजनों को विभागीय एवं अन्य सरकारी सहायता दिलाने पर सहमति बनी, जिसके बाद परिवारजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए।
इस दौरान तहसीलदार विपिन चौधरी, चंदेरिया थानाधिकारी मधु कंवर, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता सत्यनारायण आमेरिया, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश वैष्णव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अशोक रायका सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।