चित्तौड़गढ़। श्रमण संघीय जैन सिद्धांतचार्य महासाध्वी प्रतिभा श्रीजी आदि ठाणा-4 का चातुर्मासिक मंगल प्रवेश रविवार 19 जुलाई को सेंती स्थित शांति भवन में होगा। इसके लिए वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ सेंती द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
शनिवार प्रातः महासाध्वी प्रतिभा श्रीजी आदि ठाणा-4 का मीरा नगर जैन सामायिक भवन से सेंती की ओर मंगल विहार हुआ। इस वर्ष उनका चातुर्मास सेंती स्थित शांति भवन में आयोजित किया जाएगा।
संघ के संस्थापक अध्यक्ष लक्ष्मीलाल चंडालिया एवं अध्यक्ष अनिल पोखरना ने बताया कि महासाध्वी प्रतिभा श्रीजी ने अल्प आयु में श्रमण संघीय महासाध्वी मधुबाला जी मसा की शिष्या बनकर जैन दर्शन का अध्ययन किया और आचार्य डॉ. शिव मुनि जी से जैन सिद्धांतचार्य की पदवी प्राप्त की।
चातुर्मास समिति के मीडिया प्रभारी ने बताया कि महासाध्वी प्रतिभा श्रीजी आदि ठाणा-4 का मंगल प्रवेश 19 जुलाई रविवार सुबह 8ः30 बजे पार्वती गार्डन के पास स्थित छीतरमल चंडालिया के निवास से प्रारंभ होगा। शोभायात्रा सेंती मुख्य मार्ग होते हुए शांति भवन, सेंती पहुंचेगी, जहां चातुर्मासिक प्रवचन एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।