सरवानिया महाराज। क्षेत्र में बारिश की लंबी खेंच के कारण बढ़ी गर्मी के साथ मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। आमजन को मच्छरों से राहत दिलाने के लिए नगर परिषद द्वारा सभी वार्डों में एंटी मच्छर लार्वा एवं फॉग स्प्रे का छिड़काव कराया जा रहा है।
सफाई इंचार्ज विजय दुर्गज ने बताया कि मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया के मार्गदर्शन एवं नगर परिषद अध्यक्ष रूपेंद्र सिंह जैन के निर्देश पर वर्षा ऋतु को देखते हुए मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नगर के सभी वार्डों में नियमित रूप से एंटी लार्वा दवा का छिड़काव एवं फॉगिंग कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि बारिश नहीं होने से मौसम में गर्मी बढ़ गई है, जिससे मच्छरों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। मच्छरों के कारण लोगों को दिन और रात दोनों समय परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए परिषद द्वारा प्रभावी बचाव के लिए आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं तथा नागरिकों से भी अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और जलभराव नहीं होने देने की अपील की गई है।