पिपलियामंडी। नगर की व्यस्त पिपलिया चौपाटी पर पिछले कई दिनों से कुछ लोगों द्वारा भिक्षावृत्ति किए जाने से आम नागरिकों, दुकानदारों एवं राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीख मांगने के दौरान छोटे बच्चों को साथ रखने से लोगों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता था तथा क्षेत्र की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी।
क्षेत्रवासियों ने इस संबंध में समाजसेवी एवं भाजपा नेता मनोहर काबरा को अवगत कराया। शिकायत मिलने पर उन्होंने तत्काल पुलिस प्रशासन से संपर्क कर स्थिति की जानकारी दी।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चौपाटी क्षेत्र में मौजूद भिक्षावृत्ति कर रहे लोगों को वहां से हटाया। कार्रवाई के बाद स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों ने पुलिस प्रशासन तथा मनोहर काबरा का आभार व्यक्त किया।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि पिपलिया चौपाटी नगर का प्रमुख एवं व्यस्त क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और आवागमन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों पर लगातार भिक्षावृत्ति होने से यातायात एवं आमजन की सुविधा प्रभावित होती है। उन्होंने प्रशासन से भविष्य में भी नियमित निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है, ताकि सार्वजनिक व्यवस्था बनी रहे।