शाजापुर। मध्यप्रदेश जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं विभाग के महानिदेशक (डीजी) डॉ. वरुण कपूर ने शनिवार को शाजापुर जिला जेल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
निरीक्षण के दौरान डीजी ने बैरकों, मुलाकात कक्ष, आमद रजिस्टर और जेल परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने जेल प्रशासन को बंदियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
डॉ. वरुण कपूर ने कहा कि शाजापुर जिला जेल सुव्यवस्थित है और यहां साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जेल को केवल सजा देने का स्थान नहीं, बल्कि सुधार और पुनर्वास केंद्र के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। बंदियों को कौशल प्रशिक्षण और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाना चाहिए।
मीडिया से चर्चा में डीजी वरुण कपूर ने कहा कि यह नियमित निरीक्षण था। उन्होंने बताया कि शाजापुर जिला जेल एक अच्छी और विकसित जेल है, जहां पर्याप्त स्थान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। वर्तमान में यहां लगभग 121 बंदी निरुद्ध हैं। उन्होंने कहा कि बंदियों से बातचीत के दौरान कोई गंभीर समस्या सामने नहीं आई। कुछ बंदियों ने जमानत और एक जेल से दूसरी जेल में स्थानांतरण से जुड़ी समस्याएं बताईं, जिनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन एवं जेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।