सतवास। निजी स्कूलों में यूनिफॉर्म खरीदने के लिए एक ही दुकान से खरीदारी की कथित अनिवार्यता को लेकर चल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए कान्हा कलेक्शन पर छापा मारकर दुकान को सील कर दिया।
बताया जा रहा है कि सतवास क्षेत्र में कई निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों को एक निर्धारित दुकान से ही यूनिफॉर्म खरीदने के लिए मजबूर किए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। मामले को लेकर अभिभावकों और पत्रकारों ने भी विरोध दर्ज कराया था, जिसके बाद प्रशासन ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान दुकान संचालक मनोज चंद्रवंशी ने बताया कि उनकी दुकान से करीब 12 निजी स्कूलों की यूनिफॉर्म का वितरण किया जाता है। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने दुकान पर कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया।
अब सवाल उठ रहा है कि जिन स्कूलों के नाम इस मामले में सामने आए हैं, क्या उनके खिलाफ भी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी या कार्रवाई केवल दुकान तक ही सीमित रहेगी।
फिलहाल प्रशासन की कार्रवाई के बाद अभिभावकों में राहत है, वहीं सभी की नजरें अब स्कूल प्रबंधन के खिलाफ होने वाली संभावित कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।